लखनऊ, 6 मार्च। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से होंडा इंडिया फाउंडेशन ने ‘सड़क सहायक: सुरक्षित मार्ग, सुरक्षित जीवन’ परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस को 50 कस्टमाइज़्ड होंडा सीबी350 क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) वाहन सौंपे।
यह पहल सुरक्षित समुदायों के निर्माण और वर्ष 2050 तक टक्कर-मुक्त समाज के होंडा के वैश्विक लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। होंडा इंडिया फाउंडेशन भारत में होंडा समूह की कंपनियों की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) शाखा है, जो सड़क सुरक्षा और सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों पर कार्य करती है।
इस कार्यक्रम का आयोजन लोक भवन, लखनऊ में किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल, गृह एवं सूचना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लॉजिस्टिक्स) राम कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश तथा होंडा इंडिया फाउंडेशन के सलाहकार और होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड में वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट अफेयर्स) पीयूष मित्तल सहित पुलिस और होंडा के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान क्यूआरटी वाहनों का औपचारिक हस्तांतरण किया गया। होंडा सीबी350 पर आधारित ये विशेष बाइक रिवॉल्विंग फ्लैशर और ब्लिंकर, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सायरन, फ्लैशलाइट, साइड और रियर स्टोरेज बॉक्स तथा दो सुरक्षा हेलमेट जैसी सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनका उद्देश्य पुलिस टीमों को घनी आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों में तेजी से पहुंचने में मदद करना है।
बताया गया कि सड़क सुरक्षा पहलों को मजबूत करने के लिए गुजरात, चंडीगढ़, कर्नाटक और राजस्थान पुलिस को पहले ही 300 से अधिक क्यूआरटी वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यह पहल सार्वजनिक-निजी साझेदारी के माध्यम से सुरक्षित सड़कों और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार इन वाहनों से आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी, जिससे दुर्घटनाओं में जान बचाने, चोटों को कम करने और कानून-व्यवस्था की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
