नई दिल्ली, 6 मार्च । संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा और अकांश ढुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
आयोग के अनुसार इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य केंद्रीय सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है। यह परीक्षा तीन चरणों—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार—में आयोजित की जाती है।
आयोग ने बताया कि 958 सफल अभ्यर्थियों में से 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल अस्थायी रखी गई है।
केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के माध्यम से कुल 1,087 रिक्तियों को भरने की घोषणा की थी।
यूपीएससी ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अपने परिसर में परीक्षा हॉल के पास एक ‘सुविधा काउंटर’ भी स्थापित किया है। अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच व्यक्तिगत रूप से या टेलीफोन के माध्यम से परीक्षा और भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं।
आयोग के बयान के अनुसार परीक्षा परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर अभ्यर्थियों के अंक यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
