सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी (RNN)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है और कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। लखनऊ में जारी आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने ‘नए भारत’ और ‘नए उत्तर प्रदेश’ की बदलती तस्वीर को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था, आज वही राज्य विकास, निवेश, आस्था और औद्योगिक प्रगति का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा, “अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा—अब उत्तर प्रदेश में सब चंगा है।”
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य आज जिस परिवर्तन का साक्षी है, वह सुशासन, ठोस नीति-निर्णयों और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए उत्तर प्रदेश ने ‘विरासत और विकास’ का संतुलित मॉडल प्रस्तुत किया है।
उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मंदिर भारत की सांस्कृतिक मर्यादा और आत्मगौरव का प्रतीक है, जबकि काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास परंपरा और आधुनिकता का संगम दर्शाता है। मथुरा-वृंदावन की आध्यात्मिक परंपरा और महाकुंभ में दिखने वाली समरसता भारत की एकता और आस्था की शक्ति को प्रकट करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय दोनों में लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है, जो राज्य की विकास यात्रा का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने भारतीय समुदाय से मातृभूमि के प्रति दायित्वबोध और योगदान की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
योगी आदित्यनाथ ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने सदियों पहले विश्व को वैश्विक परिवार का संदेश दिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगा।
