एपस्टीन फाइल विवाद के बीच एआई समिट में मुख्य भाषण से दूर रहे बिल गेट्स

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (Agency)। बिल गेट्स ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में अपना पूर्व निर्धारित मुख्य भाषण नहीं दिया। यह जानकारी उनके संगठन गेट्स फाउंडेशन ने बृहस्पतिवार को दी।

फाउंडेशन ने भाषण रद्द किए जाने का कोई विस्तृत कारण नहीं बताया, लेकिन यह निर्णय उस समय आया है जब दिवंगत यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में गेट्स का नाम सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। सूत्रों के अनुसार, आयोजकों ने मंच साझा करने को लेकर असहजता जताई थी।

सरकारी सूत्रों ने 17 फरवरी को कहा था कि एपस्टीन प्रकरण के खुलासे से काफी पहले गेट्स को दिया गया निमंत्रण वापस ले लिया गया था और वह 16 फरवरी से शुरू हुए पांच दिवसीय सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। हालांकि, उसी दिन गेट्स फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा था कि वह कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।

बृहस्पतिवार को फाउंडेशन ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में स्पष्ट किया कि सम्मेलन के मुख्य उद्देश्य से ध्यान न भटके, इसलिए गेट्स मुख्य भाषण नहीं देंगे। बयान में कहा गया, “गेट्स फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा करेंगे। सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया है कि गेट्स मंच से संबोधित नहीं करेंगे।”

फाउंडेशन ने यह भी दोहराया कि वह स्वास्थ्य और विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए भारत में अपने कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

समिट की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभ में गेट्स का नाम प्रमुख वक्ताओं में शामिल था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया। सम्मेलन में अन्य वैश्विक प्रौद्योगिकी दिग्गजों ने भाग लिया, जिनमें सुंदर पिचाई, अलेक्जेंडर वांग, प्रत्यूष कुमार और डेमिस हसाबिस शामिल हैं।

प्रमुख प्रतिभागियों की सूची महीनों पहले तय की गई थी, जबकि एपस्टीन से जुड़े खुलासे हाल के सप्ताहों में सार्वजनिक हुए हैं। हालांकि गेट्स पर एपस्टीन के किसी भी पीड़ित द्वारा सीधे तौर पर किसी गलत कार्य का आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में एपस्टीन का एक आरोप दर्ज है कि गेट्स को यौन संचारित रोग हुआ था। गेट्स के प्रवक्ता ने इस दावे को “पूरी तरह से बेतुका” बताया है।

गौरतलब है कि गेट्स सोमवार को भारत पहुंचे थे। अपनी यात्रा के पहले चरण में उन्होंने विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *