संसद में सामना करने का साहस नहीं रखने वाले ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ की बात करते हैं: इमरान प्रतापगढ़ी

जयपुर, 16 फरवरी (Agency):  कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘कांग्रेस-मुक्त भारत’ का सपना देखने वालों में संसद में आकर कांग्रेस का सामना करने का साहस नहीं है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष प्रतापगढ़ी ने यहां आयोजित ‘पैगाम-ए-मोहब्बत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते का प्रभाव आने वाले समय में किसानों और छोटे व्यापारियों पर दिखाई देगा। प्रतापगढ़ी ने कहा कि देश वर्तमान समय में कठिन दौर से गुजर रहा है और लोगों को राहुल गांधी में उम्मीद की किरण दिखाई देती है।

उन्होंने कहा, “हम राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ के सेल्समैन हैं। नफरत फैलाने वाले लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहे हैं, लेकिन अंत में जीत मोहब्बत की होती है।”
‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लाखों लोग राहुल गांधी के साथ खड़े रहे और उन्होंने नफरत के खिलाफ पदयात्रा की।

इस अवसर पर गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में भाजपा सरकार को मजबूती से चुनौती देगी। उन्होंने भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य की आलोचना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व सांप्रदायिक सौहार्द और विकास पर ध्यान देना है।

डोटासरा ने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यों की बराबरी भाजपा नहीं कर सकती। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के सामने सरकार की नीतियों और कार्यों का पूरा हिसाब दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की नीतियों, सामाजिक सद्भाव और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *