बहुजन समाज और सपा के संबंध मजबूत हो रहे : अखिलेश यादव

लखनऊ, 15 फरवरी। अखिलेश यादव ने कहा है कि बहुजन समाज और समाजवादी पार्टी के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और आने वाले समय में यह जुड़ाव और गहरा होगा। वह पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित विभिन्न दलों के 15,000 से अधिक सदस्यों के सपा में शामिल होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

यादव ने इस आयोजन को “पीडीए का प्रेम प्रसार समारोह” बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि शांति और प्रगति की आधारशिला सामाजिक एकता है और इसी विचार को आगे बढ़ाने के लिए ‘पीडीए’ की अवधारणा दी गई थी।

कार्यक्रम में सपा में शामिल होने वालों में नसीमुद्दीन सिद्दीकी के अलावा अपना दल (सोनेलाल) के पूर्व विधायक राजकुमार पाल भी शामिल रहे। सिद्दीकी पहले बहुजन समाज पार्टी में वरिष्ठ पदों पर रहे और मायावती सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था, जिसे हाल ही में उन्होंने छोड़ दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की राजनीति को मजबूत करने के लिए व्यापक गठबंधन की आवश्यकता है। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए भीमराव आंबेडकर और राम मनोहर लोहिया के सहयोग के प्रयासों का उल्लेख किया और कहा कि उनके अधूरे प्रयासों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

सपा अध्यक्ष ने सपा-बसपा गठबंधन के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 1993 में गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी थी और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में सरकार बनी थी। हालांकि 1995 में यह गठबंधन टूट गया और बाद में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से बसपा की सरकार बनी। 2019 में दोनों दलों ने फिर साथ आने की कोशिश की, लेकिन वह प्रयोग भी लंबा नहीं चल सका।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि धार्मिक परंपराओं और संतों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि सपा पीड़ितों और संत समाज के साथ खड़ी है।

यादव ने कहा कि आने वाले समय में पीडीए की अवधारणा सामाजिक एकता और राजनीतिक सहयोग का मजबूत आधार बनेगी और इससे प्रदेश की राजनीति में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *