उत्तराखंड भाजपा कोर कमेटी बैठक में नड्डा ने धामी सरकार के विकास कार्यों की सराहना की

देहरादून, 14 फरवरीउत्तराखंड की राजधानी देहरादून के निकट जौलीग्रांट में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठित होकर काम करने का आह्वान किया।

बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के चलते राज्य में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही, जिनमें केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और नैनीताल सांसद अजय भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

भट्ट ने बताया कि बैठक में तीन प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया गया — संगठन और सरकार के समन्वय को और मजबूत करना, सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाना तथा विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन आयोजित करना।

उन्होंने कहा कि 17 फरवरी को संगठन और मुख्यमंत्री की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि 23 मार्च को राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर एक विशाल जनसभा आयोजित करने की योजना है, जिसमें केंद्र के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही 17 फरवरी से कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी शुरुआत की जाएगी, जिनके अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी।

बैठक में नेताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से अधिक बहुमत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *