लखनऊ, 13 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित बजट सत्र के दौरान लोरेटो कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज, लखनऊ की कक्षा 11 की छात्राओं ने 11, 12 एवं 13 फरवरी को दर्शक दीर्घा में उपस्थित होकर सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया।
इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने बजट प्रस्तुति की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर होने वाली चर्चा और विचार-विमर्श को समझा। यह अनुभव उनके लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधायी कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की भूमिका के प्रति गहरी समझ विकसित करने का अवसर मिला।
उप मुख्यमंत्री से संवाद और स्मृति चित्र-
विधानसभा की कार्यवाही देखने के बाद छात्राएं विधान भवन स्थित उप मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष के बाहर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिलीं। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव सुने और उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग एवं सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
उप मुख्यमंत्री ने इस शैक्षिक भ्रमण को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और आशा व्यक्त की कि यह अनुभव उन्हें भविष्य में एक जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर छात्राओं ने उनके साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।
