लखनऊ, 9 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा, विकास और समृद्धि की मजबूत गारंटी है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है और देश आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। भारत का दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व का परिणाम है।
उपमुख्यमंत्री सोमवार को विशेश्वरैया सभागार, लखनऊ में केंद्रीय बजट पर आयोजित व्यापारी सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का जो लक्ष्य रखा है, आज भारत उस लक्ष्य के और अधिक निकट पहुंच चुका है। देश और प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का दौर चल रहा है और इसका सीधा लाभ व्यापार, उद्योग और रोजगार को मिल रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार पहले भी व्यापारियों के साथ खड़ी थी, आज भी उनके साथ है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा करती रहेगी। व्यापारियों की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जीएसटी दरों में कमी को उन्होंने व्यापारी हित में सरकार के ठोस निर्णय का उदाहरण बताया। उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी बेचो और स्वदेशी खरीदो का आह्वान करते हुए कहा कि देश में उत्पादन भी है और उपभोक्ता भी। जब व्यापार बढ़ेगा तो रोजगार बढ़ेगा और सरकारी राजस्व में वृद्धि होगी, जिसका उपयोग विकास कार्यों में किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इससे व्यापारियों को व्यापक लाभ मिल रहा है। उन्होंने व्यापारियों से ऐसे उत्पादों के निर्माण पर ध्यान देने को कहा, जिनकी मांग देशभर में अधिक हो। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए व्यापारियों से इस नीति का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
श्री मौर्य ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत दोनों स्पष्ट और पारदर्शी हैं। देश में अब तक 65 करोड़ जनधन खाते खोले जा चुके हैं और गरीब कल्याण की योजनाओं की राशि बिना किसी भेदभाव के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा चुके हैं और आने वाले समय में 3 करोड़ और आवास प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि सरकार संविधान की मूल भावना की संरक्षक है और आरक्षण व्यवस्था की समर्थक है।
उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी बताते हुए कहा कि इसमें व्यापारियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों सभी के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। यह बजट देश और प्रदेश की आर्थिक मजबूती को नई दिशा देगा।
इस अवसर पर विधायक श्री पंकज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।
