प्रशांत किशोर ने जन सुराज को मजबूत करने के लिए ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’ की शुरुआत

बेतिया (बिहार), आठ फरवरी । जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राज्य भर में जन सुराज संगठन के पुनर्निर्माण, विस्तार और मजबूती पर केंद्रित होगी।

पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पार्टी विधानसभा चुनाव के बाद भी जनता के बीच सक्रिय है और यह यात्रा जिला स्तर पर संगठन को दोबारा सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान बिहार में एक ईमानदार, जवाबदेह और वैकल्पिक राजनीतिक मंच तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उल्लेखनीय है कि जन सुराज पार्टी ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में 238 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। इसके बावजूद पार्टी ने जनसंपर्क और जमीनी गतिविधियों को जारी रखा है।

किशोर ने कहा, “यह सुनिश्चित करने के लिए कि बिहार नवनिर्माण का अभियान जमीन पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़े, मैं प्रत्येक जिले में समय बिताऊंगा। पुराने साथियों और नए इच्छुक लोगों से मुलाकात कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जुड़े चुनावी वादों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रशांत किशोर ने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि जन सुराज कार्यकर्ता जिलों में घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि महिलाओं को योजना का लाभ मिले। किशोर ने कहा कि यदि सरकार अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रहती है, तो यह स्पष्ट करेगा कि घोषणाएं केवल चुनावी लाभ के उद्देश्य से की गई थीं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य सरकार ने कई चरणों में बिहार की 1.56 करोड़ महिलाओं को 10,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की थी, जिनमें से अधिकांश को चुनाव से पहले धनराशि मिली थी। सरकार ने यह भी घोषणा की थी कि चयनित लाभार्थियों को उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए बाद में दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

इस बीच, बिहार सरकार ने 29 जनवरी को हुई मंत्रिमंडल बैठक में छह महीने की मूल्यांकन अवधि के बाद चयनित लाभार्थियों को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है।

‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’ के माध्यम से जन सुराज संगठन आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में अपनी भूमिका को नए सिरे से परिभाषित करने की कोशिश करता नजर आ रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *