मीडिया ओलंपिक सीजन-3 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने खेलों से दिया फिटनेस का संदेश

आशीष प्रजापति ने छह स्वर्ण जीतकर जमाई धाक, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

लखनऊ, 8 फरवरी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित मीडिया ओलंपिक सीजन-3 का रविवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ में मीडिया कर्मियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेलों के माध्यम से फिटनेस और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

मीडिया ओलंपिक के तीसरे संस्करण में आशीष प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी बादशाहत साबित की। वहीं सीएस आजाद और राम बालक ने चार-चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

अंतिम दिन फुटबॉल शूटआउट, रस्साकसी, शतरंज, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित कई स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। फुटबॉल शूटआउट में महिलाओं में प्रिया पाण्डेय और पुरुषों में नावेद शिकोह की टीम ने खिताब जीता। रस्साकसी में महिलाओं में प्रिया पाण्डेय और पुरुषों में रविंद्र शर्मा की टीम स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही। शतरंज में सीएस आजाद और महिला बैडमिंटन एकल में पल्लवी श्रीवास्तव विजेता बनीं।

मीडिया ओलंपिक संघ एवं द इंडियन व्यू मासिक पत्रिका के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे। उन्होंने पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देते हैं बल्कि समाज में फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश भी देते हैं।

इससे पहले आयोजन सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अखंड प्रताप शाही ने किया। समारोह में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स, उत्तर प्रदेश चैप्टर के चेयरमैन मुकेश बहादुर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अंतिम दिन शतरंज प्रतियोगिता में सीएस आजाद और जयदीप राय के समान चार-चार अंक रहे, लेकिन बेहतर टाईब्रेक स्कोर के आधार पर आजाद को पहला और जयदीप राय को दूसरा स्थान मिला। देवेश तीन अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अंडर-10 बालक 50 मीटर में आदित्य कुमार शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-15 बालक 50 मीटर में ईशान कश्यप, अंडर-15 बालिका 50 मीटर में अभिलाषा, अंडर-20 बालक 400 मीटर में नीलांश गुप्ता विजेता रहे। पुरुष 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 200 और 400 मीटर दौड़ में आशीष प्रजापति ने स्वर्ण जीता। पुरुष अंडर-35 वर्ष 200 मीटर में राम बालक और पुरुष 50 वर्ष से अधिक 50 मीटर दौड़ में भारत सिंह प्रथम स्थान पर रहे।

समापन समारोह में वरिष्ठ पत्रकार प्रद्युम्न तिवारी, सुरेश बहादुर सिंह, प्रेम कांत तिवारी, बृजेश सिंह, रत्नाकर सिंह, भारत सिंह, शाश्वत तिवारी, अशोक राजपूत, अविनाश शुक्ला, आशुतोष द्विवेदी, जितेश अवस्थी, अनंत मिश्रा, रविंद्र शर्मा, राम प्रकाश राय, पंकज चतुर्वेदी, विद्याशंकर राय, रंजीत कुमार और शोभित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में मीडिया जगत के लोग उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *