योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप में अभिन्न श्याम गुप्ता और अखिलेश यादव बने दोहरे चैंपियन

लखनऊ। ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी अभिन्न श्याम गुप्ता और यूपी पुलिस के अखिलेश यादव ने अपने शानदार प्रदर्शन से अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में दो-दो खिताब जीतकर बादशाहत साबित की।

उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित यह चैंपियनशिप बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खंड, गोमती नगर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन के पूर्व सचिव एवं ख्याति प्राप्त खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में किया गया।

चैंपियनशिप के अंतिम दिन पुरुष एकल 45 वर्ष से अधिक वर्ग में प्रयागराज के अभिन्न श्याम गुप्ता ने प्रभावशाली खेल दिखाते हुए प्रयागराज के ही सी. जॉन वेस्ले को 21-11, 21-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके बाद पुरुष युगल 45 वर्ष से अधिक वर्ग में अभिन्न श्याम गुप्ता और सी. जॉन वेस्ले की दूसरी वरीय जोड़ी ने शीर्ष वरीय जितेंद्र सिंह व रविंद्र सिंह (मुरादाबाद/नोएडा) को 21-16, 21-19 से हराकर विजेता ट्रॉफी जीती।

मिश्रित युगल 35 वर्ष से अधिक वर्ग में यूपी पुलिस के शीर्ष वरीय अखिलेश यादव और भावना बलियान ने सी. जॉन वेस्ले व प्रियंका पांडेय को 21-11, 21-14 से पराजित कर खिताब जीता। वहीं पुरुष युगल 35 वर्ष से अधिक वर्ग में अखिलेश यादव और शम्स तबरेज (यूपी पुलिस/गोरखपुर) की जोड़ी ने रवि प्रताप आनंद व यशार्थ ओझा (उन्नाव/अयोध्या) को 21-11, 21-12 से हराया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस) ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संघ के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की धर्मपत्नी श्रीमती आशा ध्यानी को विशेष रूप से सम्मानित किया।

अन्य फाइनल मुकाबलों में पुरुष युगल 55 वर्ष से अधिक वर्ग में मेरठ के अरुण कुमार और प्रमोद कुमार विजेता बने। पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक में मेरठ के सोमेश जैन और सुनील राणा, पुरुष एकल 65 वर्ष से अधिक में गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव, महिला एकल 35 वर्ष से अधिक में यूपी पुलिस की कुसुम रानी तथा पुरुष युगल 70 वर्ष से अधिक में हापुड़ के सुधीर कुमार गोयल और सुरेंद्र कुमार त्यागी ने खिताब जीते।

इसके अलावा पुरुष एकल 40 वर्ष से अधिक में नोएडा के सौरभ सक्सेना, पुरुष एकल 50 वर्ष से अधिक में कानपुर के अर्जुन सिंह, महिला एकल 40 वर्ष से अधिक में गाजियाबाद की दीपिका यादव, पुरुष युगल 40 वर्ष से अधिक में डीबी थापा व मुकुल थापा, पुरुष एकल 35 वर्ष से अधिक में अयोध्या के यशार्थ ओझा और पुरुष एकल 60 वर्ष से अधिक में प्रयागराज के दिनेश कपूर विजेता रहे।

समारोह में उपाध्यक्ष अरुण कक्कड़, रेफरी रविंद्र चौहान, अनंत ध्यानी, डॉ. योगेश शेट्टी, अभिजीत यादव सहित अनेक पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *