सूर्यकुमार का अर्धशतक, भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराया

मुंबई, 7 फरवरी ।कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत ने शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरुआती मुकाबले में अमेरिका को 29 रन से हराकर विजयी आगाज़ किया।

शीर्ष और मध्यक्रम की नाकामी के बावजूद भारत ने नौ विकेट पर 161 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। जवाब में अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

भारत की पारी एक समय पूरी तरह लड़खड़ा गई थी। 13वें ओवर में टीम का स्कोर छह विकेट पर 77 रन था, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभाले रखा और दबाव में संयमित तथा आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने 49 गेंदों की नाबाद पारी में 10 चौके और चार छक्के लगाए।

सूर्यकुमार के अलावा तिलक वर्मा (25) और ईशान किशन (20) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप अमेरिकी गेंदबाजों के सामने लगातार जूझता नजर आया।

अमेरिका की ओर से दक्षिण अफ्रीका में जन्मे शैडली वान शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मोहम्मद मोहसिन और हरमीत सिंह ने भी प्रभावी गेंदबाजी की।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम कभी दबाव से बाहर नहीं आ सकी। भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए अमेरिका को जीत से दूर रखा।

गत चैंपियन भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की और खिताब के प्रबल दावेदार होने का संकेत दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *