सरोजनीनगर की बेटियों के लिए सुनहरा दिन, डॉ. राजेश्वर सिंह ने दी खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा से जुड़ी अनेक सौगातें

लखनऊ, 5 फरवरी। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की बेटियों के लिए बुधवार का दिन विशेष और प्रेरणादायक रहा, जब विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने एस.एस. मैरिज लॉन, बेहटा में आयोजित ‘गर्ल्स यूथ क्लब प्रोत्साहन कार्यक्रम’ में भाग लेकर क्षेत्र की 500 से अधिक बेटियों से सीधा संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्यमिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण आश्वासन दिए।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बेटियों का सशक्तिकरण ही समाज में स्वर्णिम परिवर्तन का आधार है।
उन्होंने कहा, “खेल से आत्मविश्वास, शिक्षा से सशक्तिकरण और कौशल से आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करना ही हमारा संकल्प है। जब बेटी आगे बढ़ती है, तो परिवार, समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है।”

कार्यक्रम के दौरान खुशहाल गंज मंडल के अंतर्गत गठित 25 गर्ल्स यूथ क्लबों से जुड़ी लगभग 500 प्रतिभाशाली बेटियों से विधायक ने उनके सपनों, करियर लक्ष्यों और चुनौतियों पर संवाद किया। उन्होंने बेटियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, सिविल सेवा, खेल, व्यवसाय, तकनीकी और राजनीतिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

डॉ. सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और लक्ष्य इसे 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक पहुंचाना है।

खेल सुविधाओं के लिए घोषणाएं

विधायक ने अमावा की मनीषा रावत (कराटे ब्लैक बेल्ट) को कराटे किट, मासिक प्रशिक्षण सहयोग तथा उनके माध्यम से 10 गांवों की बेटियों को कराटे प्रशिक्षण दिलाने का आश्वासन दिया।
ऐन गांव की सोनाक्षी को दो दिनों के भीतर क्रिकेट स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
नारायणपुर की शान्या के अनुरोध पर कबड्डी मैदान निर्माण तथा इसके लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये स्वीकृत करने की बात कही गई।

शिवरी की रोशनी रावत, मुस्कान और जानू को खेल मैदान और लाइब्रेरी स्थापना में सहयोग, गहलवारा की अनुराधा यादव को खेल मैदान निर्माण और कबड्डी कोच उपलब्ध कराने तथा उदयत खेड़ा की शगुन यादव को स्पोर्ट्स किट व कोमल यादव को साइकिल देने का आश्वासन दिया गया।

शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सहयोग

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहिजनपुर की सौम्या रावत को यूपीएससी की तैयारी के लिए एनसीईआरटी पुस्तकें और अध्ययन सामग्री, जबकि सरोसा की प्रिया को नीट परीक्षा की तैयारी के लिए सामग्री और मार्गदर्शन देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही अन्य छात्राओं को भी अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

डिजिटल सशक्तिकरण के तहत संचालित 14 रण बहादुर सिंह डिजिटल युवा सशक्तिकरण केंद्रों में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

उद्यमिता और सामाजिक सहयोग

विधायक ने सरोसा की शालिनी को ग्रीन टेक्नोलॉजी आधारित उद्यमों से जोड़ने और एमएसएमई योजनाओं की जानकारी देने का भरोसा दिलाया।
मौंदा की सौम्या को सोलर लाइट, कबड्डी किट और खेल मैदान निर्माण में सहयोग, अजीतन खेड़ा की पूजा यादव व रोशनी को पारिवारिक विवाह में सहयोग तथा गहलवारा की ज्योतिका को सरकारी योजनाओं और शिक्षा संबंधी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया।

डॉ. सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर के प्रत्येक गांव में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से अब तक 168 बॉयज़ यूथ क्लब और 105 गर्ल्स यूथ क्लब गठित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट सहित अन्य खेलों की किट उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रही है।

कार्यक्रम में राजेश सिंह चौहान, पूर्व प्रधान दिनेश सिंह, हिमांशु सिंह, अजीत कुमार, रीना उपाध्याय, मधु सिंह, प्रियंका सिंह, विमला देवी, मंजू यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की बेटियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *