नयी दिल्ली, 5 फरवरी । अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में बृहस्पतिवार को यहां तिहाड़ जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने चेक बाउंस मामलों में दोषी ठहराए गए राजपाल यादव को जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण के लिए दी गई समयसीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया था।
तिहाड़ जेल के एक सूत्र ने बताया,
“अभिनेता ने बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके बाद जेल प्रशासन मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई करेगा।”
दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को यादव की ओर से आत्मसमर्पण के लिए समयसीमा बढ़ाने की याचिका खारिज कर दी थी। अदालत में अभिनेता के वकील ने दलील दी थी कि यादव ने 50 लाख रुपये की राशि का इंतजाम कर लिया है और भुगतान के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाए।
हालांकि न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी कि आरोपी को राहत देने का कोई आधार नहीं बनता।
उल्लेखनीय है कि चेक बाउंस मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद अदालत ने राजपाल यादव को चार फरवरी तक जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।
