केडी सिंह बाबू स्टेडियम में योग केंद्र की पहली वर्षगांठ, विशेष योग-ध्यान कार्यशाला आयोजित

लखनऊ, 3 फरवरी 2026 — उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के अंतर्गत जिला खेल प्रोत्साहन समिति एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय द्वारा संचालित केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित योग केंद्र के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को योगासन एवं ध्यान पर आधारित विशेष कार्यशाला और वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में योग केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, विश्व रिकॉर्ड होल्डर तथा समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों के शारीरिक, मानसिक और समग्र विकास में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा।

इस अवसर पर खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय सम्मानित अतिथि रहे। कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा और विश्व रिकॉर्ड होल्डर रोमा हेमवानी की भी विशेष उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि डॉ. आरपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक खेल के खिलाड़ी के लिए नियमित योग अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योग को जन-जन तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को इसके लिए प्रेरित करने पर विशेष बल दे रहे हैं।

सम्मानित अतिथि डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में योगासन स्पर्धा के दौरान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने तीन पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन भविष्य में भी खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

योग केंद्र की मुख्य कोच डॉ. मालविका वाजपेई ने विशेष योग सत्र के दौरान खिलाड़ियों और सदस्यों को योगासन एवं ध्यान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से खिलाड़ियों की सहनशक्ति, एकाग्रता और प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होता है।

कार्यक्रम के दौरान योगासन की अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी आरना ओम सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अंत में पारंपरिक ढंग से वार्षिकोत्सव मनाते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *