सिंचाई परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगा सम्मान: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ, 03 फरवरी 2026 – उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित कर विभाग में सकारात्मक और जवाबदेह कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित किया जाएगा।

जलशक्ति मंत्री ने यह निर्देश मंगलवार को उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में शारदा संगठन सहित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कार्यों में कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

समीक्षा के दौरान श्री स्वतंत्र देव सिंह ने निर्माण कार्यों की निर्माण पूर्व और निर्माण पश्चात स्थिति का तुलनात्मक मूल्यांकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों, गुणवत्ता और समयसीमा के अनुरूप पूर्ण की जाएं, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों और आम जनता तक पहुंच सके।

मंत्री ने कहा कि वे स्वयं शीघ्र ही विभिन्न निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण करेंगे, जिससे जमीनी स्तर पर कार्यों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

अंत में जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर प्रदेश के किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाना है।

समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग श्री अनिल गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष श्री संदीप कुमार, प्रमुख अभियंता परिकल्प एवं नियोजन श्री अशोक कुमार सिंह, मुख्य अभियंता शारदा संगठन, शारदा सहायक संगठन, यांत्रिक संगठन के मुख्य अभियंता सहित संबंधित संगठनों के अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *