उत्तर प्रदेश: दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार, योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, तीन फरवरी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि राज्य दवा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और निवेशकों के लिए यह अत्यंत आकर्षक जगह बन गया है। उन्होंने यह बात लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश दवा सम्मेलन-एक के उद्घाटन अवसर पर कही। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने ऑनलाइन अपने शुभकामना संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय स्तर की चार प्रयोगशालाएं मौजूद हैं और यहां मजबूत कार्यबल उपलब्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और कानून-व्यवस्था की स्थिति ने उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए सुरक्षित और आकर्षक बनाया है। “उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य नहीं रहा, बल्कि ऐसा प्रदेश बन गया है जहां कानून का राज है और कोई राजनीतिक दखल नहीं है,” उन्होंने कहा।

योगी आदित्यनाथ ने ललितपुर में फार्मा क्षेत्र की परियोजना और नोएडा के जेवर में स्थापित चिकित्सा उपकरण पार्क का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आईआईटी कानपुर के सहयोग से 1,200 करोड़ रुपये की लागत से ‘मेडटेक सेंटर’ विकसित किया जा रहा है और एसजीपीजीआई भी दूसरे केंद्र के रूप में तैयार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने आधारभूत ढांचे की उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में हैं, और राज्य के हर जिला मुख्यालय एवं तहसील मुख्यालय से अच्छी तरह जुड़े हैं।

उन्होंने वैश्विक साझेदारी पर बात करते हुए कहा कि भारत ने अपनी नीतियों पर अडिग रहते हुए सफलता हासिल की है। उन्होंने यह भी आगाह किया कि भारत की बढ़ती ताकत से कुछ लोग सशंकित हो सकते हैं, इसलिए सतर्कता और विवेक के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

सम्मेलन के दौरान फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर सहमति बनी। औषधि, चिकित्सा उपकरण एवं संबंधित क्षेत्रों में 11 एमओयू (5,525 करोड़ रुपये के) का मंच पर औपचारिक आदान-प्रदान किया गया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य में कारोबार सुगमता में बड़ी छलांग लगी है और निवेशक जो दवा बनाएंगे उसका व्यापक उपयोग उत्तर प्रदेश में होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *