नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक हैं उत्तराखंड के दीपक: राहुल गांधी

नयी दिल्ली, एक फरवरी – कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान के नाम को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना कर रहे युवक दीपक चंद का समर्थन करते हुए रविवार को उन्हें “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक” बताया और कहा कि देश को ऐसे और युवकों की जरूरत है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और उससे जुड़े संगठन समाज में आर्थिक और सामाजिक “जहर” घोल रहे हैं ताकि डर के सहारे सत्ता कायम रखी जा सके। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। वे संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं—उस संविधान के लिए जिसे भाजपा और संघ परिवार रोज रौंदने की साजिश करते हैं।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि दीपक “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान” के जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे अधिक चुभती है। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ परिवार जानबूझकर देश को बांटने का प्रयास कर रहा है और उत्तराखंड की भाजपा सरकार उन असामाजिक तत्वों का खुला साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगे हैं।

राहुल गांधी ने कहा, “नफरत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ एक जुमला है।” उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा, “हमें और ‘दीपकों’ की जरूरत है—जो झुकें नहीं, डरें नहीं और पूरी ताकत से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं।”

उल्लेखनीय है कि कोटद्वार के पटेल मार्ग पर ‘बाबा’ नाम से संचालित कपड़ों की दुकान का नाम बदलने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता कथित तौर पर दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर दबाव बना रहे थे। इसी दौरान पास के जिम संचालक दीपक चंद ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया और कथित तौर पर कार्यकर्ताओं को वहां से जाने के लिए मजबूर किया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर दीपक की व्यापक सराहना हो रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *