नाराज़गी की अटकलों के बीच शशि थरूर की कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात, बोले— चर्चा सकारात्मक रही

नयी दिल्ली: काफी दिनों से लोकसभा सांसद शशि थरूर की कथित नाराज़गी को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में चल रही चर्चाओं के बीच बुधवार को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात केरल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव और पार्टी के भीतर उनकी भूमिका को लेकर उठ रही अटकलों के बीच बेहद अहम मानी जा रही है।

कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात के बाद शशि थरूर ने मीडिया से बातचीत करते हुए नाराज़गी की खबरों को सिरे से खारिज किया और कहा कि बैठक पूरी तरह सकारात्मक रही। उन्होंने कहा,
“आज कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी के साथ बहुत अच्छी और सकारात्मक चर्चा हुई। मैंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है और आगे भी करता रहूंगा।”

थरूर ने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात में केरल के मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी तरह की कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा,
“मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। मुझे किसी भी पद का उम्मीदवार बनने में कोई रुचि नहीं है।”

गौरतलब है कि हाल के महीनों में शशि थरूर के कुछ बयानों और सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर यह अटकलें तेज़ थीं कि वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से असंतुष्ट हैं। खासतौर पर केरल कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे थे।

हालांकि, बुधवार की मुलाकात और उसके बाद दिए गए बयान से संकेत मिलता है कि फिलहाल थरूर कांग्रेस के भीतर ही सक्रिय भूमिका निभाने के इच्छुक हैं और किसी भी तरह के टकराव की स्थिति से इनकार कर रहे हैं।

अब राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में शशि थरूर को पार्टी संगठन और केरल चुनावी रणनीति में क्या भूमिका दी जाती है और उनकी आगे की राजनीतिक दिशा क्या रहती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *