लखनऊ, 26 जनवरी । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और पार्टी संस्थापक कांशीराम को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग दोहराई।
मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “समस्त देशवासियों तथा दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों एवं उनके परिवारजनों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का वास्तविक महत्व तभी है, जब संविधान पर गर्व करने के साथ-साथ यह ईमानदारी से आकलन किया जाए कि केंद्र और राज्य सरकारों के दावे और वादे केवल छलावा तो नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या संविधान की सर्वसमाज हितैषी मंशा के अनुरूप देश ने राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र के क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति की है और क्या लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार हुआ है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि इस प्रकार का निष्पक्ष मूल्यांकन ही देश की ज्वलंत समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा के लिए पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्मश्री तथा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों और उनके परिवारजनों को भी बधाई दी।
अपनी पुरानी मांग को दोहराते हुए मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के करोड़ों गरीबों, शोषितों, पीड़ितों और उपेक्षित लोगों को आत्मसम्मान और स्वाभिमान का जीवन दिलाने के संघर्ष में अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले बसपा के जन्मदाता एवं संस्थापक कांशीराम को अब और देरी किए बिना ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बसपा लंबे समय से कांशीराम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने की मांग करती आ रही है।
