नगर पंचायत बंथरा में गणतंत्र दिवस पर भव्य आयोजन, विशाल तिरंगा रैली निकाली गई

बंथरा, 26 जनवरी। नगर पंचायत बंथरा के वार्ड संख्या चार में गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड की सभासद रेखा गौतम के नेतृत्व में नगर पंचायतवासियों ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली अम्बेडकर पार्क से प्रारंभ होकर जहानाबाद रोड, कौड़िया गांव और उम्मीद खेड़ा होते हुए पुनः अम्बेडकर पार्क, बंथरा में संपन्न हुई। रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और देशभक्ति से जुड़े नारों से पूरा क्षेत्र देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि शिव कुमार गौतम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की शक्ति, लोकतंत्र की गरिमा तथा नागरिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश की एकता और अखंडता का आधार है, जिसे आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने तथा कानून के सम्मान को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक का योगदान आवश्यक है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों के लिए भोज का आयोजन किया गया और लड्डुओं का वितरण किया गया, जिससे आपसी सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बना रहा। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नगर पंचायतवासियों, युवाओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन को भी विशेष धन्यवाद दिया गया। पूरा कार्यक्रम अनुशासन और शांति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *