गुवाहाटी, 25 जनवरी ।सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारी और कप्तान सूर्यकुमार यादव के शानदार फॉर्म की बदौलत भारत ने रविवार को यहां खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भारत ने श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।
154 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक पावर-हिटिंग का शानदार प्रदर्शन किया और महज 10 ओवर में दो विकेट पर 155 रन बनाकर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। अभिषेक शर्मा ने केवल 20 गेंदों में सात चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों के साथ नाबाद 57 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 102 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई।
अभिषेक शर्मा ने इस दौरान 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज टी20 अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उनसे आगे केवल युवराज सिंह हैं, जिन्होंने 12 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अभिषेक अपने मेंटोर युवराज से सिर्फ दो गेंद पीछे रह गए।
हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और संजू सैमसन पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए। मैट हेनरी की गेंद पैड से टकराकर ऑफ स्टंप से जा लगी। इस श्रृंखला में सैमसन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और उन्होंने अब तक 10, 6 और शून्य का स्कोर किया है, जिससे टीम में उनकी जगह को लेकर दबाव बढ़ गया है। इसके विपरीत ईशान किशन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मजबूत दावा पेश किया। रायपुर में मैच जिताऊ 76 रन की पारी खेलने के बाद उन्होंने इस मुकाबले में भी मैट हेनरी के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ा। हालांकि ईशान 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बावजूद भारत ने पावरप्ले में दो विकेट पर 94 रन बना लिए, जो उसका दूसरा सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर रहा। इससे मुकाबले का परिणाम लगभग तय हो गया। इसके बाद सूर्यकुमार और अभिषेक ने अपनी ट्रेडमार्क आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को 60 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
इससे पहले, भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के चलते न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी। कलाई के स्पिनर रवि बिश्नोई ने लगभग एक साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट झटके। अनुभवी जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पंड्या ने 23 रन देकर दो विकेट लिए।
भारत ने पावरप्ले में ही तीन विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। हार्दिक पंड्या ने पहले ही ओवर में डेवोन कॉनवे (1) का शानदार कैच लेकर शुरुआत की और फिर अपने अगले ओवर में रचिन रविंद्र (4) को आउट किया। इसके बाद बुमराह ने टिम सिफर्ट (12) को क्लीन बोल्ड कर प्रभावशाली वापसी की।
न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 48 रन और मार्क चैपमैन ने 23 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। दोनों के बीच 52 रन की साझेदारी हुई, लेकिन बिश्नोई ने चैपमैन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। विकेट के पीछे संजू सैमसन ने शानदार कैच लपका।
कुलदीप यादव का दिन हालांकि खास नहीं रहा और एक ओवर में 19 रन लुटाने के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार नियंत्रण बनाए रखा। बुमराह, हार्दिक और बिश्नोई की कसी हुई गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रहा।
श्रृंखला का चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 28 जनवरी को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।
