चूल्हे की चिंगारी से भीषण आग, कई झोपड़ियां और मकान जलकर राख; करीब तीन लाख का नुकसान

शाहजहांपुर। जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव रैली बोरी (धियरपुरा) में शुक्रवार को चूल्हे से निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक छप्परदार मकान सहित आसपास की कई झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग से नकदी, जेवरात, अनाज, घरेलू सामान और एक मोटरसाइकिल समेत लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सज्जाग की पत्नी रिजवाना लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी पास में बनी झोपड़ी पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और सज्जाग के मकान के साथ-साथ राज्जाग, शरीफ और चांद खां की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में लगभग 20 हजार रुपये नकद, करीब एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, छह कट्टे गेहूं, बर्तन, रजाई, खटिया समेत घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा राज्जाग की मोटरसाइकिल भी आग में पूरी तरह जल गई।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डायल 112 की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जलालाबाद थाना प्रभारी राजीव तोमर ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।

प्रशासन के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *