अमेरिकी शुल्क से कपड़ा उद्योग को नुकसान, प्रधानमंत्री अपनी ‘कमजोरी’ का असर अर्थव्यवस्था पर न पड़ने दें: राहुल गांधी

नयी दिल्ली, 23 जनवरी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी शुल्क के कारण भारतीय कपड़ा उद्योग को हो रहे नुकसान को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें अपनी “कमजोरी” का असर देश की अर्थव्यवस्था पर और नहीं पड़ने देना चाहिए।

राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ ऐसे व्यापार समझौते की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जिसमें भारतीय उद्योगों और मजदूरों के हितों को प्राथमिकता मिले। उन्होंने हाल ही में गुरुग्राम के पास मानेसर स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री का दौरा किया था, जिसका वीडियो उन्होंने शुक्रवार को अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया।

कांग्रेस नेता ने कहा, “मोदी जी, आपकी जवाबदेही बनती है, कृपया इस मामले पर ध्यान दीजिए।” उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में देश का दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र है और भारतीय कपड़ों तथा दर्जियों की कारीगरी को विश्वभर में सराहा जाता है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिकी शुल्क के चलते कपड़ा उद्योग गंभीर अनिश्चितता का सामना कर रहा है। उन्होंने दावा किया, “अमेरिका ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है, यूरोप में कीमतें गिर रही हैं और बांग्लादेश तथा चीन से कड़ी प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में हमारे कपड़ा उद्योग और निर्यातक चारों ओर से दबाव में हैं।”

उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर रोजगार पर पड़ रहा है, इकाइयां बंद हो रही हैं, खरीद घट रही है और पूरे क्षेत्र में अस्थिरता का माहौल है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अब तक न तो किसी राहत की घोषणा की है और न ही टैरिफ को लेकर ठोस बातचीत की है, जबकि 4.5 करोड़ से अधिक नौकरियां और लाखों व्यवसाय इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कपड़ा उद्योग से जुड़े लोगों को केवल ऐसी सरकार चाहिए, जो उन्हें वास्तविक और ठोस सहयोग प्रदान करे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत को अमेरिका के साथ ऐसा व्यापार समझौता करना चाहिए, जिसमें भारतीय उद्योगों और श्रमिकों को वरीयता मिले।

राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को अपनी कमजोरी का असर देश की अर्थव्यवस्था पर और नहीं पड़ने देना चाहिए।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *