उप्र स्थापना दिवस: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

लखनऊ, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राज्य के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश की जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की औपचारिक शुरुआत शनिवार को लखनऊ में होगी। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि गंगा-यमुना की पुण्यधारा से सिंचित, सांस्कृतिक वैभव से समृद्ध और ऐतिहासिक गौरव से दीप्त उत्तर प्रदेश, भारत की आत्मा का उज्ज्वल और जीवंत प्रतिबिंब है।

उन्होंने कहा कि यही वह पुण्यभूमि है जहां ऋषि-मुनियों की साधना ने चेतना को दिशा दी, संतों की करुणा ने मानवता को संस्कारित किया, वीरों के शौर्य ने स्वाभिमान को सुदृढ़ किया और जन-जन की श्रमशीलता ने राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत बनाया।

राज्यपाल ने कामना की कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति, नवाचार और लोककल्याण के पथ पर अग्रसर रहते हुए देश की उन्नति में अपनी अग्रणी भूमिका निभाता रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *