आरडब्ल्यूए के प्रबुद्ध मतदाता तय करते हैं देश की राजनीतिक दिशा : डॉ. राजेश्वर सिंह


मेधावियों को सम्मान, RWAs को लाइब्रेरी व स्पोर्ट्स किट प्रदान

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आरडब्ल्यूए और हाई-राइज अपार्टमेंट्स के प्रबुद्ध मतदाता देश की राजनीतिक दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। वे केवल स्थानीय मुद्दों तक सीमित न रहकर ग्रीन एनर्जी, पर्यावरण, विदेश नीति, ट्रेड व टैरिफ वॉर जैसे राष्ट्रीय व वैश्विक विषयों को ध्यान में रखकर मतदान करते हैं। ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा और राष्ट्र को तोड़ने वाली राजनीति से देश को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी भी इन्हीं जागरूक मतदाताओं पर है।

वृहस्पतिवार को वृन्दावन योजना अंतर्गत इब्राहिमपुर द्वितीय व खरिका द्वितीय वार्ड के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ एसकेडी अकैडमी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया, नव मतदाता पंजीकरण और मतदाता स्थानांतरण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में कम मतदान प्रतिशत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना और मतदान करना राष्ट्र निर्माण की बुनियाद है।

मेधावियों का सम्मान, समाज को प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। 90 से 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों को लैपटॉप और 80 से 90 प्रतिशत अंक लाने वाले 10 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थी समाज के रोल मॉडल होते हैं और सार्वजनिक सम्मान से पूरे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। अब तक सरोजनीनगर क्षेत्र में 1800 से अधिक मेधावियों को सम्मानित किया जा चुका है।

स्वास्थ्य पर जोर, RWAs को स्पोर्ट्स किट
युवाओं को फिट, एक्टिव और अलर्ट बनाए रखने के उद्देश्य से विधायक ने 32 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट वितरित कीं। उन्होंने बताया कि अब तक 268 यूथ क्लबों का गठन कर विभिन्न खेलों की सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे स्वस्थ व अनुशासित पीढ़ी के निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है।

पुस्तकालय बने बौद्धिक केंद्र
ज्ञान और अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए डॉ. सिंह ने 12 आरडब्ल्यूए में पुस्तकालयों का लोकार्पण किया। इनमें भारतीय संस्कृति, विज्ञान, राष्ट्रनिर्माण और महापुरुषों की जीवनियों से संबंधित प्रेरणादायक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। अब तक 54 आरडब्ल्यूए में लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं।

RWA को लेकर विकास का विजन
विधायक ने बताया कि सरोजनीनगर में 95 ओपन एयर जिम स्थापित किए जा चुके हैं और 38 नए जिम शीघ्र लगेंगे। सभी आरडब्ल्यूए में ओपन एयर जिम व झूलों की स्थापना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में 19 कम्युनिटी सोलर पार्क हैं, जिनमें से 9 सरोजनीनगर में स्थित हैं। लक्ष्य है कि प्रत्येक आरडब्ल्यूए में कम्युनिटी सोलर पार्क स्थापित किया जाए, जिसके लिए 90 प्रतिशत सब्सिडी का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

विकास कार्यों की झलक
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सरोजनीनगर में सरकार व सीएसआर फंड से संचालित विकास कार्यों की विवरणिका भी वितरित की गई। इसमें 7000 करोड़ की अनंत नगर आवासीय परियोजना, 1287 करोड़ का कन्वेंशन सेंटर, 1000 करोड़ का अशोक लीलैंड ईवी प्लांट, एयरो सिटी, डिफेंस कॉरिडोर, ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण, 32 हजार करोड़ की 4118 विकास परियोजनाएं सहित अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया गया।

कार्यक्रम में एसकेडी संस्था के डायरेक्टर मनीष सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व आरडब्ल्यूए पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *