इंडोनेशिया मास्टर्स: सिंधू और लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में, श्रीकांत बाहर

इंडोनेशिया मास्टर्स: सिंधू और लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में

जकार्ता, 22 जनवरी ।भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले सीधे गेम में जीतकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

पुरुष एकल में विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने हांगकांग के जेसन गुनावन को महज आधे घंटे से कुछ अधिक समय में 21-10, 21-11 से शिकस्त दी। लक्ष्य ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और पूरे मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया।

क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य का सामना अब थाईलैंड के उभरते खिलाड़ी पनीचाफोन टीरारत्सकुल से होगा। टीरारत्सकुल ने प्री-क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के ली जी जिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने डेनमार्क की अपनी परिचित प्रतिद्वंद्वी लाइन होजमार्क कजेरफेल्ड को 43 मिनट चले मुकाबले में 21-19, 21-18 से हराया। यह डेनमार्क की खिलाड़ी के खिलाफ सिंधू की छह मुकाबलों में पांचवीं जीत रही।

क्वार्टर फाइनल में सिंधू की चुनौती और कड़ी होने वाली है, जहां उनका सामना टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर चार खिलाड़ी चीन की चेन यू फेई से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें फेई को 7-6 की मामूली बढ़त हासिल है। सिंधू ने आखिरी बार 2019 में फेई को हराया था और वह इस रिकॉर्ड को बराबर करने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगी।

इस बीच, पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत अपने प्रदर्शन में निरंतरता बरकरार नहीं रख सके और प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के चाउ तिएन चेन से 11-21, 10-21 से एकतरफा मुकाबले में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

महिला एकल में युवा खिलाड़ी अनमोल खरब ने पूर्व विश्व चैंपियन जापान की नोजोमी ओकुहारा को कड़ी चुनौती दी, लेकिन 56 मिनट चले मुकाबले में 21-16, 14-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा।

पुरुष युगल में हरिहरन आमसकारुनन और एम आर अर्जुन की भारतीय जोड़ी ने विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज मलेशिया की मान वेई चोंग और काई वुन टी की जोड़ी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्णायक गेम में पिछड़ने के कारण 17-21, 21-9, 16-21 से मुकाबला गंवा बैठी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *