राष्ट्रीय लोक दल प्रदेश कार्यालय में तहरी भोज, महिला सशक्तिकरण पर रहा फोकस

लखनऊ। बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी महिला शक्ति संगठन की राष्ट्रीय महासचिव शालिनी सिंह के नेतृत्व में तहरी भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष श्री रामाशीष राय एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्री अनुपम मिश्रा विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कार्यक्रम की आयोजक शालिनी सिंह की सक्रियता एवं संगठनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला और कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए यह जानकारी ली कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ किस स्तर तक मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री अनिल कुमार ने मासिक पत्रिका ‘मनस्वी टाइम्स’ का विमोचन भी किया।

प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने अपने संबोधन में कहा कि शालिनी सिंह के प्रयासों से पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। उन्होंने महिला शक्ति संगठन की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

वहीं राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने शालिनी सिंह की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए लंबे समय से किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय महासचिव शालिनी सिंह ने उपस्थित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने और महिलाओं के हित में निरंतर कार्य करती रहेंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *