एलडीए की आईटी सिटी योजना 20 फरवरी को होगी लॉन्च, किसानों को लॉटरी से मिलेंगे विकसित भूखंड

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की बहुप्रतीक्षित आईटी सिटी योजना आगामी 20 फरवरी, 2026 को लॉन्च की जाएगी। योजना के पहले चरण में उन भू-स्वामियों को विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे, जिन्होंने लैंड पूलिंग नीति के तहत अपनी भूमि निःशुल्क प्राधिकरण को दी है। इन भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को इस संबंध में बैठक कर आवश्यक आदेश जारी किए। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 288 वर्गमीटर से 35 वर्गमीटर क्षेत्रफल तक के आवासीय भूखंड लॉन्च किए जा रहे हैं। लॉटरी ड्रा का आयोजन 20 फरवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में भू-स्वामियों की उपस्थिति में किया जाएगा।

एलडीए उपाध्यक्ष ने जानकारी दी कि सुल्तानपुर रोड पर लगभग 3,490 एकड़ क्षेत्रफल में आईटी सिटी योजना विकसित की जा रही है। इसके लिए मोहनलालगंज तहसील के ग्राम बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा की भूमि शामिल की गई है। प्राधिकरण बोर्ड के निर्णय के अनुसार लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन और आपसी सहमति से क्रय के माध्यम से भूमि जुटाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 27 जनवरी, 2026 तक जिन भू-स्वामियों के साथ लैंड पूलिंग के एग्रीमेंट निष्पादित हो जाएंगे, उन सभी को योजना के अंतर्गत ही निःशुल्क विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए योजना के सेक्टर-15, 16, 17 और 18 में भूखंड नियोजित किए गए हैं। अभी तक 275 भू-स्वामियों ने लैंड पूलिंग नीति के तहत करीब 125 एकड़ भूमि का एग्रीमेंट किया है, जबकि 150 एकड़ से अधिक भूमि के अनुबंध प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं।

आईटी सिटी योजना को इसकी उत्कृष्ट रोड कनेक्टिविटी के कारण अत्यंत उपयोगी बताया जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि लैंड पूलिंग के तहत भू-स्वामियों को भूखंड आवंटित करने के बाद आम नागरिकों के लिए भूखंडों का पंजीकरण खोला जाएगा। प्रस्तावित रूप से भूखंडों की कीमत लगभग 4,000 रुपये प्रति वर्गफुट रखी गई है।

एलडीए के अनुसार, आईटी सिटी योजना न केवल आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि भविष्य में आईटी और आधुनिक शहरी विकास के लिहाज से लखनऊ के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *