नवाचार व प्रौद्योगिकी जैसे मानकों पर विधायिकाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जरूरी: ओम बिरला

लखनऊ, 20 जनवरी । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को उत्कृष्टता, नवाचार और प्रौद्योगिकी के उपयोग जैसे मानकों पर राज्य विधायिकाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा जीवंत लोकतंत्र का प्रतीक है और देशभर की विधायिकाओं में अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को अपनी कार्यप्रणाली में समाहित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के प्रयास सराहनीय हैं।

पीठासीन अधिकारियों के 86वें अखिल भारतीय सम्मेलन के दूसरे दिन विधानभवन के मंडप में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि उन्होंने पहले भी उत्तर प्रदेश विधानसभा का दौरा किया है और यह सदैव लोकतांत्रिक जीवंतता का उदाहरण रही है। उन्होंने देहरादून में 2019 में आयोजित सम्मेलन का उल्लेख करते हुए राज्य विधायिकाओं की कार्यकुशलता और प्रक्रियाओं में सुधार के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण दोहराया।

लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि विधायी प्रक्रियाओं और प्रथाओं के मानकीकरण से जुड़े विषयों पर विचार के लिए एक समिति गठित की गई है। उन्होंने विधायकों की शैक्षणिक योग्यता और पेशेवर अनुभवों—जैसे डॉक्टर, इंजीनियर और चार्टर्ड अकाउंटेंट—की पहचान कर उनके रचनात्मक उपयोग की सतीश महाना की पहल की भी प्रशंसा की।

उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में महिलाओं और युवाओं के लिए अलग-अलग सत्रों, युवा संवाद और युवा चर्चा जैसे नवाचारों को प्रेरणादायी बताया, जिससे लोकतंत्र में व्यापक भागीदारी बढ़ी है। बिरला ने कहा कि श्रेष्ठ परंपराएं, नियमों में सुधार और नए प्रयोग अन्य विधायिकाओं के लिए भी सीख का स्रोत होते हैं।

सम्मेलन की शुरुआत राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने की। उन्होंने विधानमंडलों की कार्यकुशलता बढ़ाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर जोर देते हुए संसद और राज्य विधानसभाओं के बीच अधिक समन्वय की आवश्यकता बताई, ताकि संस्थागत ज्ञान का प्रभावी उपयोग हो सके।

इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव जनता का अटूट विश्वास है, जो निरंतर व्यवहार, संवाद और उत्तरदायित्व से बनता है। उन्होंने अल्पमत की आवाज को सम्मान देने और विधायिका की जवाबदेही पर जोर दिया।

मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नवाचारों की सराहना करते हुए चुनावी प्रक्रियाओं में नैतिक मानदंडों की आवश्यकता पर बल दिया। त्रिपुरा विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष राम प्रसाद पॉल ने अतिथियों का स्वागत किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *