सोने का वायदा भाव 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार, चांदी 3.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर

नयी दिल्ली, 20 जनवरी  — वैश्विक अनिश्चितताओं और सुरक्षित निवेश विकल्पों की बढ़ती मांग के बीच मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों ने नए रिकॉर्ड बना दिए। सोने का वायदा भाव पहली बार 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया, जबकि चांदी 3.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में फरवरी डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 6,861 रुपये यानी 4.7 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। विश्लेषकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में रिकॉर्ड उछाल और रुपये की कमजोरी के कारण 2026 की शुरुआत से ही सोने की कीमतों में लगातार बढ़त देखी जा रही है।

एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी के वायदा अनुबंध का भाव 17,723 रुपये यानी छह प्रतिशत चढ़कर 3,27,998 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को ही चांदी ने पहली बार तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा पार किया था और इसका बंद भाव 3,10,275 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था।

पिछले दो कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत में कुल 32,187 रुपये यानी 11.18 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। 16 जनवरी को चांदी का बंद भाव 2,87,762 रुपये प्रति किलोग्राम था।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार उछाल देखा गया। कॉमेक्स बाजार में फरवरी डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 147.5 डॉलर यानी 3.21 प्रतिशत की तेजी के साथ रिकॉर्ड 4,742.9 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जिससे यह पहली बार 4,700 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया। वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 6.87 डॉलर यानी 7.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 95.41 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा कि वैश्विक और घरेलू बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में आई रिकॉर्ड तेजी का प्रमुख कारण बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका तथा यूरोपीय संघ के बीच संभावित व्यापार युद्ध की आशंकाएं हैं, जिनके चलते निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं।

स्मार्टवेल्थ.एआई के संस्थापक एवं प्रधान शोधकर्ता पंकज सिंह ने भी कहा कि व्यापक आर्थिक अनिश्चितता के माहौल में सुरक्षित निवेश की निरंतर मांग के कारण सोने और चांदी की कीमतों में यह ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *