मणिकर्णिका घाट पर मंदिर ध्वस्तीकरण के विरोध में आम आदमी पार्टी का जोरदार प्रदर्शन, लखनऊ में कार्यकर्ता हिरासत में

लखनऊ, 20 जनवरी 2026 — काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़े जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन किए। इसी क्रम में लखनऊ के स्वास्थ्य भवन चौराहे पर पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शन को पार्टी ने आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा की लड़ाई करार दिया। प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से संबंधित अधिकारी को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मणिकर्णिका घाट पर हुए मंदिर ध्वस्तीकरण में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़ा जाना पूरे हिंदू समाज की आस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के समय धर्म और मंदिर की राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद वही सरकार मंदिरों पर बुलडोज़र चलवा रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से छेड़छाड़ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे पर भी हमला है तथा यह संविधान द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।

प्रिंस सोनी ने कहा कि विकास का अर्थ कभी भी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को नष्ट करना नहीं हो सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, आम आदमी पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिज़वी ने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लखनऊ की सड़कों पर जनता की आवाज़ बुलंद हुई है। उन्होंने कहा कि काशी की पहचान, परंपरा और आत्मा के साथ किया गया यह कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर जनता की आवाज़ बनकर अंत तक संघर्ष करेगी।

आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में मांग की कि मणिकर्णिका घाट पर तोड़े गए सभी प्राचीन मंदिरों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, ध्वस्तीकरण के आदेश देने वाले अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में प्रिंस सोनी, इरम रिज़वी, प्रियंका श्रीवास्तव, तुषार श्रीवास्तव, ललित वाल्मीकि, वसीम सिद्दीकी, ज्ञान सिंह, सुधीर पटेल, ज्ञान सिंह कुशवाहा, बलराम साहनी, सलमान, अभिषेक प्रताप सिंह, पीके बाजपेई, मुन्ना खान, मुकेश शुक्ला, अंगद, बी. खरे, धीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *