रायबरेली में राहुल गांधी को मिली दादा फिरोज गांधी की धरोहर, सौंपा गया ड्राइविंग लाइसेंस

रायबरेली, 20 जनवरी  — लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को मंगलवार को उनके संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे के दौरान एक भावुक कर देने वाला उपहार मिला। एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें उनके दादा एवं स्वतंत्रता सेनानी फिरोज गांधी का पुराना ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा, जिसे वर्षों से सहेजकर रखा गया था।

अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी को रायबरेली प्रीमियर लीग के आयोजक मंडल के सदस्य विकास सिंह ने मंच पर फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा। विकास सिंह ने बताया कि यह लाइसेंस उन्हें वर्षों पहले एक कार्यक्रम के दौरान उनके ससुर को अचानक मिला था, जिसके बाद से परिवार ने इसे बेहद संभालकर रखा।

सिंह के अनुसार, उनके ससुर के निधन के बाद यह लाइसेंस उनकी सास के पास सुरक्षित रहा। राहुल गांधी के रायबरेली आगमन की सूचना मिलने पर उनकी सास ने कहा कि “राहुल गांधी की एक अमानत हमारे पास है, जिसे अब उन्हें सौंप देना चाहिए।” इसके बाद विकास सिंह यह लाइसेंस लेकर राहुल गांधी से मिलने पहुंचे।

मंच पर लाइसेंस मिलते ही राहुल गांधी उसे ध्यान से देखते रहे और भावुक हो गए। उन्होंने वहीं से सोशल मीडिया के माध्यम से लाइसेंस की एक तस्वीर अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजी। इसके बाद राहुल गांधी ने उस ऐतिहासिक दस्तावेज को अपने पास रख लिया।

उल्लेखनीय है कि फिरोज गांधी का जन्म दिसंबर 1912 में हुआ था। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में रायबरेली से जीत दर्ज की थी। उनका निधन सात सितंबर 1960 को हुआ था।

यह घटना राहुल गांधी और रायबरेली के ऐतिहासिक रिश्ते को एक बार फिर भावनात्मक रूप से रेखांकित करती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *