बम की सूचना के बाद दिल्ली–बागडोगरा इंडिगो उड़ान की लखनऊ में आपात लैंडिंग

लखनऊ, 18 जनवरी (भाषा)। दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में बम होने की सूचना मिलने के बाद विमान को रविवार सुबह आपात स्थिति में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को सुबह करीब 8.46 बजे इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6650 में बम होने की सूचना मिली। इसके बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान का मार्ग परिवर्तित किया गया और उसे सुबह 9.17 बजे लखनऊ हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।

लखनऊ पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विमान के उतरते ही उसे हवाई अड्डे के एक अलग और सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान विमान के भीतर एक टीशू पेपर पर हाथ से लिखा नोट मिला, जिस पर ‘प्लेन में बम’ लिखा था।

पुलिस के मुताबिक, विमान में आठ शिशुओं सहित कुल 222 यात्री, दो पायलट और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ता, सुरक्षा एजेंसियां और हवाई अड्डा प्रशासन विमान की गहन जांच कर रहे हैं। पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। बयान के अनुसार, आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, “18 जनवरी 2026 को दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6650 में सुरक्षा से जुड़ा खतरा महसूस किया गया, जिसके चलते विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हमने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया और सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।”

प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए उन्हें जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है और नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा, “हमारे यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *