गुवाहाटी, 17 जनवरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी में एक भव्य रोडशो का नेतृत्व किया। यह कार्यक्रम असम के उनके दो दिवसीय दौरे के पहले दिन आयोजित किया गया, जिसके दौरान उन्होंने राज्य की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
प्रधानमंत्री शनिवार शाम राज्य की राजधानी पहुंचे। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान वह लगभग 7,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। रोडशो की शुरुआत लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग-17 पर स्थित गोलचक्कर से हुई और यह करीब चार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अजारा तक पहुंचा।
काले रंग की एसयूवी में आगे की सीट पर बैठे प्रधानमंत्री मोदी पूरे मार्ग में उत्साहित भीड़ की ओर हाथ हिलाते नजर आए। जैसे ही उनका काफिला आगे बढ़ा, सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने “मोदी जी जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उनका स्वागत किया।
रोडशो के बाद प्रधानमंत्री सरुसजाई स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां उन्होंने इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में दस हजार से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बोडो समुदाय के पारंपरिक बागुरुम्बा नृत्य का अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और भारतीय जनता पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहे। यह रोडशो असम में भाजपा की राजनीतिक ताकत और जनसमर्थन के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
एक अधिकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए रोडशो मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। उन्होंने बताया कि असम के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों कलाकारों के प्रदर्शन के लिए सड़क किनारे कई मंच तैयार किए गए थे, जहां जनजातीय और स्वदेशी समुदायों के नृत्य, गीत और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा और शहर में उनकी सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।
