सरोजनीनगर में लोकतंत्र का मेगा संडे: 50 आरडब्ल्यूए में एक साथ मेगा वोटर एडिशन कैंप

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करने और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, इस उद्देश्य के साथ विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा रविवार, 18 जनवरी को एक साथ 50 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), हाई-राइज अपार्टमेंट्स और आवासीय सोसाइटीज़ में ‘मेगा वोटर एडिशन कैंप’ का आयोजन किया जा रहा है। इस व्यापक अभियान को सरोजनीनगर में “लोकतंत्र का मेगा संडे” के रूप में देखा जा रहा है।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी संकल्प के साथ क्षेत्र के हर वर्ग तक पहुंचने के लिए एक साथ 50 स्थानों पर यह विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि मतदाता पंजीकरण से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया में लोगों को असुविधा न हो।

मेगा वोटर एडिशन कैंप के दौरान मतदाता सूची से संबंधित सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता, फोटो और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की सुविधा शामिल है। शिविरों की सुचारु और पारदर्शी व्यवस्था के लिए विधायक की टीम, संबंधित आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, स्थानीय भाजपा बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

यह अभियान सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख आवासीय योजनाओं और सोसाइटीज़ में संचालित होगा। अवध विहार योजना क्षेत्र के गोमती, अलकनंदा, भागीरथी, नंदिनी, सरयू, मंदाकिनी, गंगोत्री एन्क्लेव, एसबीआई एन्क्लेव/लाइटहाउस, प्रधानमंत्री आवास योजना सेवई, घुसवाकलां बसेरा, राप्ती एन्क्लेव, पीएमएवाई देवामऊ/वरुणा एन्क्लेव और धावाहर बसेरा जैसे क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे।

अर्जुनगंज क्षेत्र की एमआई सेंट्रल पार्क, ओमैक्स वाटरस्केप्स, ओमैक्स आर-1, ओमैक्स आर-2 और रिशिता मैनहैटन में भी मतदाता बनने और विवरण अद्यतन का अवसर मिलेगा। वहीं वृन्दावन योजना क्षेत्र में एल्डेको, सौभाग्यम, अज़िया बोटानिका, हिमालय, अरावली, एवरेस्ट, सूर्य ग्रीन्स, गैलेक्सी हाइट्स, इंद्रप्रस्थ ग्रैंड, विहान हाइट्स, शिवा ग्रीन्स, रॉयल स्टेट सहित अनेक सोसाइटीज़ को इस मेगा अभियान में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त अंसल एपीआई क्षेत्र की सेलिब्रिटी ग्रीन्स, सेलिब्रिटी गार्डन, सेलिब्रिटी मीडोज़, पैराडाइज़ क्रिस्टल, लक्ष्य हाइट्स, कियारा और ओकास रेजीडेंसी समेत कई अपार्टमेंट्स में भी कैंप आयोजित होंगे।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर सभी आरडब्ल्यूए क्षेत्रों में जलपान एवं लंच की व्यवस्था की गई है। साथ ही युवाओं को क्रिकेट, वॉलीबॉल जैसी खेल किट वितरित कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और सक्रिय नागरिकता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

एक साथ 50 आरडब्ल्यूए में आयोजित हो रहा यह मेगा वोटर एडिशन कैंप सरोजनीनगर में मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने, युवाओं और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में एक अहम और प्रभावी पहल माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *