चिनहट में एलडीए का सख्त अभियान: 02 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 01 व्यावसायिक निर्माण सील

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को चिनहट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने अभियान चलाकर लगभग 28 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही दो अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया, वहीं एक अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया।

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि चिनहट के जुग्गौर क्षेत्र में राजकिशोर, डिम्पल सिंह व अन्य द्वारा लगभग 20 बीघा भूमि पर बिना एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्लाटिंग के लिए सड़कों और भूखंडों का चिन्हांकन किया जा चुका था। एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया और अवैध निर्माण कार्य रोक दिया।

इसी क्रम में चिनहट के ग्राम लौलाई स्थित फत्ते का पुरवा में उपेन्द्र व अन्य द्वारा लगभग 08 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग कराई जा रही थी। इस मामले में भी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त नहीं की गई थीं। एलडीए की प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए यहां चल रहे सभी अवैध कार्यों को ध्वस्त कर दिया।

इसके अतिरिक्त चिनहट के भैंसौरा क्षेत्र में एसटीपी रोड पर प्रकाशिनी मिश्रा व अन्य द्वारा लगभग 120 वर्गमीटर भूखंड पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। जांच में अनियमितता पाए जाने पर एलडीए ने उक्त निर्माण को सील कर दिया।

जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले एलडीए से ले-आउट और मानचित्र की स्वीकृति अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या नुकसान से बचा जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *