मिर्जापुर से वाराणसी तक ‘रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का तीसरा चरण शुरू, संजय सिंह को मिला जनसमर्थन

मिर्ज़ापुर, 16 जनवरी 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को मिर्जापुर से वाराणसी तक प्रस्तावित ‘रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। पदयात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने विंध्याचल स्थित माँ विंध्यवासिनी के दर्शन कर जनकल्याण की कामना की और आशीर्वाद लेकर रोजगार व सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

पदयात्रा की शुरुआत मिर्जापुर के शहीद उद्यान से हुई। इसके बाद संजय सिंह पैदल मार्च करते हुए सिटी क्लब पहुँचे, जहाँ उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मिर्जापुर में पदयात्रा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पेपर लीक और युवाओं के शोषण का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार भर्तियाँ नहीं निकाल रही है और जब नौजवान रोजगार की माँग करता है तो उसे पुलिस से पिटवाया जाता है और जेल भेजा जाता है। उन्होंने बेरोजगारी को प्रदेश की सबसे गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि बेरोजगार युवाओं को ₹10,000 प्रतिमाह भत्ता दिया जाए और बदले में उनसे तय सामाजिक कार्य लिया जाए।

आप सांसद ने दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों पर बढ़ते अत्याचारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सामाजिक अन्याय चरम पर है। उन्होंने लखनऊ, रायबरेली और इटावा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा कि अग्निवीर योजना से लेकर सरकारी संपत्तियों की बिक्री तक की नीतियों ने युवाओं और देश दोनों को नुकसान पहुँचाया है।

उन्होंने घोषणा की कि यह पदयात्रा तीसरे चरण की है और पूरे प्रदेश में आठ चरणों में पदयात्राएँ आयोजित की जाएँगी, ताकि ‘रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाया जा सके। यह पदयात्रा 16 से 22 जनवरी तक मिर्जापुर (शहीद उद्यान) से वाराणसी (सारनाथ) तक चलेगी।

संजय सिंह ने कहा कि भाजपा रामराज्य की बात करती है, लेकिन रामराज्य का वास्तविक अर्थ सबके साथ समान न्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बल्कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलेगा और धर्मनिरपेक्ष भारत की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संजय सिंह के समर्थन में नारे लगाए और यात्रा में शामिल हुए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *