जल जीवन मिशन नहीं, ‘मिशन जेब भरो’: आप का भाजपा पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप

लखनऊ, 12 जनवरी 2026। आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जल जीवन मिशन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में चल रहा जल जीवन मिशन जनता को पानी देने की योजना नहीं, बल्कि भाजपा की “पैसे की सप्लाई स्कीम” बन चुका है। वंशराज दुबे ने इसे प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि नल कागजों में हैं, पानी फाइलों में है और जमीन पर सिर्फ भ्रष्टाचार नजर आता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घर-घर जल पहुंचाने के दावे को 5 से 7 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में हालात यह हैं कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद गांवों में न तो टंकियां हैं और न ही नलों से पानी आ रहा है। सरकार जहां 90 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।

वंशराज दुबे ने दावा किया कि राज्य की लगभग 57 हजार ग्राम सभाओं में 40 से 45 हजार पानी की टंकियों के निर्माण का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन कई स्थानों पर टंकियां सिर्फ कागजों में बनी हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 30 मई 2025 को सीतापुर में 5.31 करोड़ रुपये की पानी की टंकी ट्रायल के दौरान गिर गई। चित्रकूट के कोपा गांव में बिना नल, बिना टंकी और बिना चारदीवारी के ही जल जीवन मिशन का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। इसी तरह सुल्तानपुर के जयसिंहपुर क्षेत्र के परस पट्टी गांव में 3.45 करोड़ रुपये का भुगतान होने के बावजूद टंकी मौके पर मौजूद नहीं थी।

उन्होंने बताया कि मामला उजागर होने के बाद अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और बाद में खुदाई शुरू कराई गई। पास के भानपुर गांव में टंकी अधूरी पड़ी है, बोर्ड जर्जर है, जबकि कागजों में नियुक्तियां तक दिखा दी गईं। आलापुर ग्राम सभा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां न टंकी है, न बोर्ड, जिसके विरोध में ग्रामीणों के साथ प्रतीकात्मक रूप से सरकार की “नौटंकी” का अंतिम संस्कार किया गया।

आप प्रवक्ता ने कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर से आई जल जीवन मिशन से जुड़ी 17 हजार शिकायतों में से 14,264 शिकायतें अकेले उत्तर प्रदेश से हैं, यानी करीब 86 प्रतिशत। इसके बावजूद सरकार कार्रवाई के नाम पर केवल 434 मामलों में कदम उठाने का दावा करती है। लखीमपुर में 3.30 करोड़ रुपये की टंकी के टेस्टिंग के दौरान फटने की घटना को उन्होंने पूरे सिस्टम की विफलता बताया।

भाजपा मंत्रियों के रवैये पर निशाना साधते हुए वंशराज दुबे ने कहा कि विधानसभा में सवाल पूछने पर मंत्री द्वारा विधायक से “बीवी की कसम” खाने जैसी टिप्पणी करना सत्ता की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेतृत्व अपने परिवार की कसम खाकर कह सकते हैं कि 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अधिकांश टंकियों की लागत 3 करोड़ रुपये से अधिक है और औसतन 4 करोड़ रुपये मानें तो 40 हजार टंकियों का भुगतान अपने आप में हजारों करोड़ रुपये के घोटाले की ओर इशारा करता है।

वंशराज दुबे ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर 9554 000 189 जारी किया है, जिस पर कोई भी नागरिक अधूरी टंकी, सूखे नल या गड़बड़ी की फोटो भेज सकता है। पार्टी कार्यकर्ता मौके पर जाकर जांच करेंगे और सच सामने लाएंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के बाद आप की सरकार बनने पर जल जीवन मिशन घोटाले के एक-एक पैसे की वसूली की जाएगी और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *