आई-पैक पर छापेमारी: पुलिस ने अज्ञात ईडी अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू की

आई-पैक पर छापेमारी: पुलिस ने अज्ञात ईडी अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू की

कोलकाता, 10 जनवरी । कोलकाता पुलिस ने राजनीतिक परामर्श फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) के प्रमुख प्रतीक जैन के आवास और कार्यालय से दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक डेटा की कथित चोरी के मामले में शामिल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अज्ञात अधिकारियों की पहचान करने की प्रक्रिया शनिवार को शुरू कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, शेक्सपियर सरणी थाना पुलिस की एक टीम शनिवार सुबह जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास पर पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज तथा डीवीआर रिकॉर्डिंग जब्त की। इसके साथ ही घरेलू कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा ईडी के खिलाफ दर्ज कराई गई दो शिकायतों के आधार पर की जा रही है। इन शिकायतों के बाद कोलकाता पुलिस और बिधाननगर पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास और साल्ट लेक सेक्टर-V में स्थित आई-पैक कार्यालय पर हुई छापेमारी को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में अज्ञात ईडी अधिकारियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों के खिलाफ, जबकि बिधाननगर पुलिस के इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स थाने में अज्ञात ईडी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शेक्सपियर सरणी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की आपराधिक धमकी, चोरी और जबरन घुसपैठ से जुड़ी धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66 के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं, जो कंप्यूटर से संबंधित अपराधों और अनधिकृत पहुंच से जुड़ी है। इसके अलावा, पुलिस ने उसी थाने में ईडी के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए एक और मामला दर्ज किया है।

अधिकारी के मुताबिक, ईडी के कर्मियों ने बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:15 बजे जैन के आवास पर तलाशी ली थी, लेकिन इसकी सूचना कोलकाता पुलिस को लगभग पांच घंटे बाद ई-मेल के जरिए दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां कथित तौर पर ईडी और सीआरपीएफ कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोका। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और कुछ मामलों में लाठियां भी चलाई गईं।

यह जांच ममता बनर्जी द्वारा तृणमूल कांग्रेस से जुड़े चुनावी दस्तावेजों की चोरी के आरोप लगाए जाने के बाद तेज हुई है। पुलिस ने शेक्सपियर सरणी और इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स थानों में आईटी अधिनियम के साथ-साथ चोरी और आपराधिक अतिक्रमण से जुड़ी धाराओं में मामले दर्ज किए हैं।

शिकायत के अनुसार, अज्ञात ईडी और सीआरपीएफ कर्मी जैन के अपार्टमेंट और आई-पैक कार्यालय में घुसे और कथित तौर पर दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक डेटा को अपने कब्जे में लिया। पुलिस का आरोप है कि ईडी अधिकारियों ने न तो पहचान पत्र दिखाए और न ही स्थानीय पुलिस को तलाशी की सूचना दी। जब पुलिस ने अदालत से जारी तलाशी वारंट समेत अन्य विवरण मांगे, तो उन्हें कथित तौर पर धक्का देकर प्रवेश से रोका गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच जारी है और केंद्रीय एजेंसी के कर्मियों की भूमिका सहित मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *