कोडीन कफ सिरप अवैध कारोबार पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, ‘सत्ताधारी की भागीदारी’ का आरोप

कोडीन कफ सिरप अवैध कारोबार पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, ‘सत्ताधारी की भागीदारी’ का आरोप

लखनऊ, 9 जनवरी । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कोडीन आधारित कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरबों रुपये की इस काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है, इसी वजह से भाजपा शासन में जनता मारी-मारी फिर रही है।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक खबर का क्लिप साझा करते हुए लिखा कि जिस अपराध को पहले स्थानीय माना जा रहा था, उसकी परतें खुलने के साथ यह पहले राज्यव्यापी, फिर राष्ट्रव्यापी और अब एशिया-स्तरीय अपराध के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी शुभम जायसवाल ने 2.24 करोड़ बोतलें कफ सिरप बांग्लादेश भेजीं, जिससे इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैले होने का संकेत मिलता है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि उसे संरक्षण और बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा का “महा-माफिया राज” है, जो बोतल-बंद होकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि अरबों की इस काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है, इसलिए जनता अभागी होकर इधर-उधर भटक रही है।

उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी अपनी “अंतिम पारी का अंतिम चरण” खेल रही है और उसके ओवर अब खत्म हो चुके हैं। उनके अनुसार, भाजपा की पूरी टीम मैच समाप्त होने से पहले ही “ऑल आउट” हो रही है।

कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी दलों, खासकर सपा, के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप जारी है। हाल ही में संपन्न विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। सपा विधायकों ने सदन के भीतर और बाहर जोरदार प्रदर्शन और हंगामा किया था।

इससे पहले, विधानसभा सत्र के पहले दिन 19 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि इस मामले की जांच के लिए एक राज्य स्तरीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा था कि अवैध कारोबार से जुड़े धन के प्रवाह और इसमें संलिप्त सभी लोगों के नाम जांच में सामने आएंगे।

अखिलेश यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा था कि “धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करते रहे।” उन्होंने दावा किया था कि माफियाओं के साथ सपा नेताओं की तस्वीरें मौजूद हैं और जांच होने पर दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया था कि सरकार ने अब तक 79 मामले दर्ज किए हैं, 225 लोगों को नामजद किया गया है, 78 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और 134 कंपनियों पर छापेमारी की गई है। साथ ही, इस रैकेट से जुड़े लेन-देन की जांच एसटीएफ कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *