शेयर बाजार लगातार चौथे दिन टूटा, अमेरिकी शुल्क की चिंता से सेंसेक्स 780 अंक लुढ़का

मुंबई, आठ जनवरी । वैश्विक बाजारों में व्यापक बिकवाली और अमेरिका द्वारा शुल्क बढ़ाए जाने की आशंका के बीच बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 780 अंक से अधिक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 264 अंकों की बड़ी गिरावट आई।

विश्लेषकों के अनुसार, धातु, तेल एवं गैस और जिंस शेयरों में भारी बिकवाली के साथ विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी ने बाजार पर दबाव बनाए रखा।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 780.18 अंक यानी 0.92 प्रतिशत गिरकर 84,180.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 851.04 अंक तक लुढ़ककर 84,110.10 के स्तर पर आ गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 263.90 अंक यानी 1.01 प्रतिशत टूटकर 25,876.85 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और ट्रेंट के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। दूसरी ओर, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

निवेशकों की चिंता उस घटनाक्रम के बाद बढ़ गई है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने वाले एक विधेयक का समर्थन किया है। इस विधेयक को आगे बढ़ा रहे अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा है कि इससे अमेरिका को चीन, भारत और ब्राजील जैसे देशों पर सस्ता रूसी तेल खरीदना बंद करने के लिए “जबर्दस्त दबाव” बनाने की ताकत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी प्रशासन पहले ही भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर चुका है, जिसमें से 25 प्रतिशत शुल्क रूस से तेल खरीद जारी रखने के दंड के रूप में लगाया गया था।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “अमेरिकी शुल्क को लेकर नई चिंताओं और एफआईआई की लगातार बिकवाली के चलते घरेलू बाजारों में सतर्कता का माहौल बना रहा, जिससे मुनाफावसूली का दबाव बढ़ गया।”

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक बढ़त में रहा, जबकि जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में बंद हुए। यूरोपीय बाजार हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर कमजोर रहे।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.75 प्रतिशत चढ़कर 60.42 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बुधवार को सेंसेक्स 102.20 अंक गिरकर 84,961.14 अंक और निफ्टी 37.95 अंक फिसलकर 26,140.75 अंक पर बंद हुआ था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *