उप्र: पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर सरकारी नौकरी पाने के आरोप में महिला पर प्राथमिकी

पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक की नौकरी हासिल करने के आरोप में महिला की पहचान माहिरा अख्तर उर्फ फरजाना के रूप में हुई है

रामपुर, आठ जनवरी। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक की नौकरी हासिल करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई विभाग की शिकायत और आंतरिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की है।

पुलिस के अनुसार, अजीम नगर थाने में दर्ज मामले में महिला की पहचान माहिरा अख्तर उर्फ फरजाना के रूप में हुई है। विभागीय जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने जाली दस्तावेजों का उपयोग कर सरकारी नौकरी प्राप्त की थी। वह कुम्हरिया गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जांच में पाया गया है कि महिला पाकिस्तानी नागरिक होने के बावजूद फर्जी निवास प्रमाण पत्र के आधार पर बेसिक शिक्षा विभाग में नियुक्त हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने वर्ष 1979 में एक पाकिस्तानी नागरिक से शादी की थी, जिसके बाद उसने पाकिस्तानी नागरिकता हासिल कर ली। तलाक के बाद वह कथित तौर पर पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत लौटी और वर्ष 1985 के आसपास एक स्थानीय व्यक्ति से विवाह कर लिया। इसी दौरान उसने खुद को भारतीय नागरिक बताते हुए शिक्षा विभाग में नौकरी प्राप्त कर ली।

पाकिस्तानी नागरिकता का खुलासा होने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले महिला को निलंबित किया और बाद में सेवा से बर्खास्त कर दिया। इसके बाद विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है और संबंधित दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *