मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची के ड्रॉफ्ट में नाम देखने की अपील की, फॉर्म-6 के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची के ड्रॉफ्ट में नाम देखने की अपील की, फॉर्म-6 के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के निर्देश

लखनऊ, छह जनवरी – मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची (एसआईआर) के गणना चरण और ड्रॉफ्ट प्रकाशन के संबंध में जानकारी दी। रिणवा ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रकाशित ड्रॉफ्ट सूची में अपना नाम जरूर देखें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वे घोषणा पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं। साथ ही, जिन युवा मतदाताओं ने 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे भी फॉर्म-6 भरें ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गणना चरण (27 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2025 तक) में कुल 15,78,483 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। वर्ष 2025 की मतदाता सूची में कुल 15,44,30,092 मतदाताओं में से 12,55,56,025 मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जो 81.30 प्रतिशत हैं। इसके अतिरिक्त, सूची में 46.23 लाख मृत मतदाता (2.99 प्रतिशत), 2.17 करोड़ स्थानांतरित/अनुपस्थित मतदाता (14.06 प्रतिशत) और 25.47 लाख एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाता (1.65 प्रतिशत) हैं।

उन्होंने कहा कि मृत, स्थाई रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की बूथ-स्तरीय सूची बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा अपने मतदेय स्थल के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को उपलब्ध कराई गई है। 11 जनवरी को सभी बीएलओ द्वारा अपने मतदेय स्थलों पर प्रकाशित मतदाता सूची के ड्रॉफ्ट को पढ़ा जाएगा। मतदाता सूची में अपना नाम जानने के लिए मतदाता अपने बीएलओ के पास उपलब्ध आलेख्य मतदाता सूची, मोबाइल ऐप या संबंधित पोर्टल के माध्यम से देख सकते हैं।

रिणवा ने बताया कि एसआईआर के दूसरे चरण में 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। इस दौरान बूथ लेवल एजेंट प्रतिदिन 10 फॉर्म जमा कर सकते हैं। 6 जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस चरण में सुनवाई और सत्यापन के साथ दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को होगा।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, अपना दल (एस) और सीपीआई(एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नवदीप रिणवा ने सभी राजनीतिक दलों से आगामी एसआईआर चरणों में पूर्ण सहयोग करने की अपील की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *