‘लखनऊ दर्शन डबल डेकर बस’ राजधानी को देगी नई पहचान: जयवीर सिंह

‘लखनऊ दर्शन डबल डेकर बस’ राजधानी को देगी नई पहचान: जयवीर सिंह

लखनऊ, छह जनवरी । उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को 1090 चौराहे से ‘लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस’ सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा का उद्देश्य देशी-विदेशी पर्यटकों एवं शहरवासियों को लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

बयान के अनुसार, यह डबल डेकर बस 1090 चौराहे से चलकर विधानसभा, हजरतगंज सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराते हुए अंत में ऐतिहासिक रेजीडेंसी भवन पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था होगी तथा उन्हें तुलसी का बीज भी प्रदान किया जाएगा। बस में प्रशिक्षित गाइड तैनात रहेंगे, जो विभिन्न स्थलों के इतिहास और महत्व के बारे में जानकारी देंगे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लखनऊ का अतीत गौरवशाली और परंपराएं अत्यंत समृद्ध हैं। राजधानी में अनेक ऐतिहासिक भवन और धार्मिक स्थल मौजूद हैं। नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और विदेशी पर्यटकों को लखनऊ की गौरवगाथा से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘लखनऊ दर्शन बस’ की शुरुआत की गई है।

उन्होंने बताया कि यह इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सात जनवरी से नियमित रूप से संचालित की जाएगी। उनके अनुसार, लखनऊ दर्शन सेवा राजधानी के लिए एक नई उपलब्धि है, जो शहर को एक विशिष्ट पर्यटन पहचान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अगले चरण में इस सेवा को राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक विस्तारित करने का प्रयास किया जाएगा, जिसे हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित किया गया है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा प्रतिदिन दो पालियों—सुबह और शाम—में संचालित होगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार टूर पैकेज का चयन कर सकते हैं। 12 वर्ष से अधिक आयु के वयस्कों के लिए प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपये तथा 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए 400 रुपये निर्धारित किया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *