सांस संबंधी परेशानी के बाद सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर मनरेगा योजना खत्म करने का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, छह जनवरी । कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को सांस संबंधी परेशानी के बाद मंगलवार को यहां सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल और पार्टी सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी को सोमवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नियमित चिकित्सकीय जांच के दौरान सांस लेने में कुछ असुविधा की शिकायत सामने आई, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखने का फैसला किया गया। फिलहाल वह छाती रोग विशेषज्ञों की देखरेख में हैं।

अस्पताल से जुड़े एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोनिया गांधी को लंबे समय से खांसी की समस्या रही है और वह समय-समय पर जांच के लिए अस्पताल आती रहती हैं। खासतौर पर सर्दियों के मौसम और राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वह नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराती रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, हालिया जांच में पाया गया कि सर्दी और प्रदूषण के असर के चलते उनका ब्रोन्कियल अस्थमा कुछ हद तक बढ़ गया था। इसी को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कर आगे की निगरानी और उपचार का निर्णय लिया।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी का इलाज एंटीबायोटिक्स और अन्य आवश्यक दवाओं से किया जा रहा है और उपचार का सकारात्मक असर दिख रहा है। उन्होंने कहा, “वर्तमान में उनकी हालत बिल्कुल स्थिर है। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं।”

सूत्रों के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी दिए जाने का निर्णय उपचार कर रहे चिकित्सक सोनिया गांधी की स्थिति के आकलन के आधार पर लेंगे। संभावना जताई जा रही है कि एक या दो दिन के भीतर उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है, यदि उनकी सेहत में इसी तरह सुधार बना रहता है।

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी ने दिसंबर 2025 में अपना 79वां जन्मदिन मनाया था। उनके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *