इंडियन इलेवन की दमदार जीत, मनु राजा बने मैन ऑफ द मैच

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच मनु राजा के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन और मयंक दुबे की घातक गेंदबाजी की बदौलत इंडियन इलेवन क्रिकेट क्लब ने 21वीं बाबू बनारसी दास बी डिवीजन क्रिकेट लीग में कल्पना क्रिकेट फाउंडेशन को 73 रन से शिकस्त दी। यह मुकाबला स्पोर्ट्स क्रिकेट मैदान पर खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन इलेवन की टीम 39.2 ओवर में 211 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मनु राजा ने 52 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 59 रन की आकर्षक अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा मुख्तार अशरफ ने 45 रन, अनिमेश मिश्रा ने 34 रन और ओंकार सिंह ने 30 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। कल्पना क्रिकेट फाउंडेशन की ओर से सहवाग कुमार ने चार विकेट झटके, जबकि सार्थक चौधरी को तीन और आकाश गुप्ता को दो सफलता मिली।

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कल्पना क्रिकेट फाउंडेशन की टीम इंडियन इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 31.3 ओवर में मात्र 138 रन पर ढेर हो गई। सम्राट तिवारी ने 25 रन, कुंवर शिवम सिंह ने 20 रन, जबकि सम्यक त्रिवेदी और सत्यप्रकाश यादव ने 13-13 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

इंडियन इलेवन की ओर से मयंक दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7.3 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। वहीं मनु राजा ने भी गेंद से प्रभावी प्रदर्शन करते हुए आठ ओवर में एक मेडन सहित 38 रन देकर दो विकेट चटकाए।

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मनु राजा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस जीत के साथ इंडियन इलेवन ने लीग में अपनी स्थिति को और मजबूत कर लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *