बुलंदशहर में पूर्व विधायक हाजी अलीम के भतीजे की हत्या, दूसरा गंभीर घायल; जमीन विवाद की आशंका

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रविवार रात बसपा के पूर्व विधायक मरहूम हाजी अलीम के एक भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एसएसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम हाजी अलीम के भतीजे 45 वर्षीय अकरम और 43 वर्षीय सुफियान, गांव नीमखेड़ा के पास मामन रोड स्थित एक बाग की नपाई (माप) कराने गए थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और नपाई का विरोध करने लगे। विरोध बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि हमलावरों ने अकरम और सुफियान पर फायरिंग की और ईंट-पत्थर भी बरसाए। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुफियान को मृत घोषित कर दिया। अकरम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

छह टीमें गठित, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका सामने आ रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *