बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर ‘आप’ 16 जनवरी से उत्तर प्रदेश में निकालेगी पदयात्रा

बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर ‘आप’ 16 जनवरी से उत्तर प्रदेश में निकालेगी पदयात्रा

लखनऊ, 3 जनवरी : आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और “बढ़ते सामाजिक भेदभाव” के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का ऐलान करते हुए 16 जनवरी से पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया है।

आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि पार्टी तीसरे चरण की ‘रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा 16 से 22 जनवरी तक आयोजित करेगी।

उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा मिर्जापुर स्थित शहीद उद्यान से शुरू होकर वाराणसी के सारनाथ तक लगभग 90–100 किलोमीटर के मार्ग पर निकाली जाएगी। संजय सिंह ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग को मजबूती से उठाना, वंचित वर्गों को संवैधानिक न्याय दिलाना और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में रोजगार के नाम पर एक संगठित “खेल” खेला जा रहा है। उन्होंने कहा, “कभी प्रश्नपत्र लीक, कभी उच्च न्यायालय से रोक और कभी उच्चतम न्यायालय में सरकार की अपील—नतीजा यह है कि नौजवान हाथ में फाइल और आंखों में सपने लिए दर-दर भटक रहा है।”

उन्होंने कहा कि लेखपाल, दरोगा, सिपाही और पीसीएस-जे जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार गड़बड़ियां कर युवाओं का भविष्य चौपट किया गया है।

आप सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के संवैधानिक आरक्षण को सुनियोजित तरीके से कमजोर किया जा रहा है।

संजय सिंह ने कहा, “सामाजिक न्याय का मुद्दा इसलिए अहम है क्योंकि आज युवाओं से सिर्फ नौकरी ही नहीं, बल्कि उनका सम्मान भी छीना जा रहा है।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *